Skip to content

लोकायुक्त की कार्रवाई तेज : इंदौर में 90 हजार कमीशन मांगते PWD अधिकारी गिरफ्तार

Indore Lokayukta Raid PWD Officers Arrested Bribery Commission: इंदौर में लोकायुक्त पुलिस की बड़ी कार्रवाई करते हुए पीडब्ल्यूडी (PWD) के दो अधिकारियों को 90 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। पूरा मामला भुगतान के बदले कमीशन का है।

आपको बता दें भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत इंदौर में लोकायुक्त पुलिस ने ये बड़ी कार्रवाई की है।

इन पर कसा शिकंजा

लोकायुक्त पुलिस के मुताबिक ग्वालियर के रामनगर आदर्शपुरम के रहने वाले आवेदक राघवेन्द्र सिंह गुर्जर  जो सांई एसोसिएट फर्म में लायजनिंग मैनेजर हैं। उन्होंने शिकायत की थी कि उनकी फर्म ने 20 लाख रुपए में सितंबर 2025 में राऊ से बामपुरा तक इलेक्ट्रिक सिटिंग का काम लिया था जो कि एक महीने में पूरा कर दिया गया था। लेकिन काम पूरा होने के बाद भी जीएसटी सहित 17 लाख रुपए का भुगतान लंबित था।

शिकायत में बताया गया कि भुगतान जारी करने के एवज में आरोपी बालकुमार जैन (सहायक यंत्री/प्रभारी कार्यपालन अधिकारी, लोक निर्माण विभाग, विद्युत व यांत्रिकी संभाग इंदौर) ने 4% के हिसाब से 60 हजार रुपए और आरोपी धीरेंद्र कुमार नीमा (सब इंजीनियर/प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी) ने 2% के हिसाब से 30 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। इस प्रकार कुल 90 हजार रुपए की मांग की गई थी।

आवेदक ने इसकी शिकायत राजेश सहाय (एसपी, लोकायुक्त) से की। शिकायत के सत्यापन के बाद 7 अप्रैल को ट्रैप दल का गठन किया गया। कार्रवाई के दौरान आरोपी बालकुमार जैन को 60 हजार रुपए और धीरेन्द्र कुमार नीमा को 30 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 7 एवं भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 61(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ये दो अधिकारी धराए

आपको बता दें इंदौर में लोकायुक्त पुलिस ने PWD के जिन दो अधिकारियों को गिरफ्तार किया है उसमें सहायक यंत्री और सब इंजीनियर अरेस्ट किए गए हैं। जिनके नाम बालकुमार जैन, धीरेन्द्र कुमार नीमा हैं। इन पर 90 हजार की रिश्वत लेने का आरोप भुगतान के बदले आवेदक ने लगाया है। इसमें प्रभारी कार्यपालन अधिकारी भी आरोपी बताया जा रहा है।