Skip to content

CMHO खुद पहुंचे घर-घर: 84 वर्षीय बुजुर्ग को थमाया आयुष्मान वय वंदन कार्ड, छूटे हितग्राहियों तक पहुंची योजना

जगदलपुर में स्वास्थ्य अमला खुद उतरा मैदान में, घर पहुंचकर बांटे गए कार्ड

जगदलपुर। आयुष्मान वय वंदन योजना से छूटे हुए हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जमीनी स्तर पर पहल तेज कर दी है। इसी कड़ी में CMHO डॉ. संजय बसाक स्वयं टीम के साथ घर-घर पहुंचकर हितग्राहियों को कार्ड वितरित करते नजर आए।


84 वर्षीय अश्वनी वर्मा सहित कई बुजुर्गों को घर पर मिला योजना का लाभ

जगदलपुर के छत्रपति शिवाजी वार्ड क्रमांक 35 में CMHO ने स्वयं 84 वर्षीय अश्वनी वर्मा सहित अन्य बुजुर्गों को उनके घर जाकर आयुष्मान वय वंदन कार्ड सौंपा। इस दौरान जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री और WHO सर्विलांस मेडिकल ऑफिसर डॉ. मीनल इंदुलकर भी मौजूद रहीं।


सिर्फ कार्ड नहीं, योजना की पूरी जानकारी भी दी गई मौके पर

स्वास्थ्य अधिकारियों ने कार्ड वितरण के साथ-साथ हितग्राहियों को योजना के लाभ और उपयोग की पूरी जानकारी भी दी। बुजुर्गों को बताया गया कि इस कार्ड के जरिए वे निर्धारित अस्पतालों में कैशलेस इलाज का लाभ ले सकते हैं।


70 वर्ष से अधिक उम्र के हर बुजुर्ग को मिलेगा 5 लाख तक मुफ्त इलाज

आयुष्मान वय वंदन कार्ड भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक-आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना प्रतिवर्ष 5 लाख रुपए तक का मुफ्त और कैशलेस इलाज प्रदान किया जाता है।


PM-JAY योजना के तहत 6 करोड़ बुजुर्गों को जोड़ने का लक्ष्य

यह योजना आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के तहत संचालित है, जिसका उद्देश्य देशभर के करीब 6 करोड़ बुजुर्गों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना है। प्रशासन अब छूटे हुए पात्र लोगों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चला रहा है।