रायगढ़ | असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान तेज, एसएसपी के निर्देशन में लगातार कार्रवाई
रायगढ़ – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में रायगढ़ पुलिस द्वारा आदतन झगड़ा, मारपीट में शामिल रहने वाले और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जूटमिल और चक्रधरनगर थाना पुलिस ने झगड़ा, मारपीट और सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है, जिनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है।

जूटमिल क्षेत्र में तलवारबाजी और मारपीट के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत 21 मार्च को समाधी गली में हुई मारपीट की घटना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्रार्थी किशोर बालक की रिपोर्ट के अनुसार, वह अपने रिश्तेदार के साथ कयाघाट स्थित लकड़ी की देखरेख के लिए गया था, जहां करन बानी उर्फ करन गुप्ता अपने साथियों के साथ मौजूद था। पूछताछ के दौरान विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने पीछा कर जान से मारने की नीयत से हमला किया। मामले में करन गुप्ता का भाई सोनू गुप्ता तलवार लेकर मौके पर पहुंचा और हमला करने की कोशिश की। पुलिस ने अपराध क्रमांक 94/2026 धारा 115(2), 296, 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए करन बानी उर्फ करन गुप्ता, नंद किशोर बानी उर्फ अखिल गुप्ता, सोनू गुप्ता एवं एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
चक्रधरनगर पुलिस की कार्रवाई: खुरपी लहराकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
इसी प्रकार चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में 23 मार्च को पेट्रोलिंग के दौरान विजयपुर क्षेत्र में सूचना मिली कि दो युवक इंदिरा विहार मेन रोड पर धारदार खुरपी लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम आशीष महंत और श्याम बरेठ बताया। आरोपी आशीष महंत के कब्जे से एक धारदार लोहे की खुरपी भी जब्त की गई। दोनों के विरुद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी आशीष महंत पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का स्पष्ट संदेश: शांति भंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जिले में शांति व्यवस्था भंग करने और मारपीट जैसी घटनाओं में शामिल असामाजिक तत्वों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। ऐसे तत्वों पर आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।


