Skip to content

ऑपरेशन आघात के तहत पूंजीपथरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: होटल में छिपाकर रखी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, संचालक गिरफ्तार

बंजारी सियाराम होटल में छापा, 35 पाव शराब बरामद; सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ा

रायगढ़, 19 मार्च। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बंजारी स्थित सियाराम होटल में छापा मारकर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की और होटल संचालक को गिरफ्तार किया।

सूचना के आधार पर पुलिस की त्वरित रेड कार्रवाई

18 मार्च 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली कि बंजारी स्थित सियाराम होटल में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।

होटल संचालक से पूछताछ में खुलासा, बिना परमिट के हो रहा था शराब भंडारण

मौके पर मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम सियाराम सिंह (47 वर्ष) निवासी तराईमाल, घनश्याम कॉलोनी थाना पूंजीपथरा बताया। पूछताछ में उसने होटल में अवैध शराब रखने की बात स्वीकार की, लेकिन किसी प्रकार का वैध पास-पर्मिट प्रस्तुत नहीं कर सका।

तलाशी में 35 पाव अंग्रेजी शराब बरामद

पुलिस ने होटल परिसर की तलाशी के दौरान छिपाकर रखी गई 35 पाव अंग्रेजी शराब (जम्मू ब्रांड), कुल 6.300 लीटर, जिसकी कीमत लगभग ₹4,200 आंकी गई, को गवाहों के समक्ष जब्त किया।

आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई, आरोपी न्यायिक रिमांड पर

आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक सतीश सिंह, आरक्षक विनोद शर्मा एवं विनय तिवारी सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि

“अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। होटल और ढाबों की आड़ में अवैध शराब बेचने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जिले में इस तरह के अवैध कारोबार पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।”