Skip to content

सेवा तीर्थ में केंद्रीय मंत्रिमंडल की पहली बैठक: विकास, रेल विस्तार और ‘केरलम’ प्रस्ताव को मंजूरी

9,072 करोड़ की रेल परियोजनाएं स्वीकृत, केरल का नाम बदलने की प्रक्रिया को हरी झंडी

नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज सेवा तीर्थ में केंद्रीय मंत्रिमंडल की पहली बैठक आयोजित हुई, जिसमें विकास, रोजगार, किसानों की आय, बेहतर रेल-हवाई संपर्क और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। सरकार का कहना है कि इन निर्णयों से देश के विभिन्न क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।


‘केरल’ से ‘केरलम’ करने के प्रस्ताव को मंजूरी

मंत्रिमंडल ने केरल का नाम बदलकर ‘केरलम’ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह निर्णय राज्य विधानसभा द्वारा पारित सर्वसम्मत प्रस्ताव के अनुरूप लिया गया है। संविधान के अनुच्छेद 3 के तहत अब आगे की संवैधानिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सरकार के अनुसार यह कदम भाषा आधारित राज्यों की ऐतिहासिक भावना का सम्मान और स्थानीय पहचान को संवैधानिक मान्यता देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।


9,072 करोड़ की मल्टी ट्रैकिंग रेल परियोजनाएं

करीब 9,072 करोड़ रुपये की लागत से महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड के आठ जिलों में तीन मल्टी ट्रैकिंग परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।

  • कुल 307 किलोमीटर रेल नेटवर्क का विस्तार
  • लगभग 5,407 गांवों और 98 लाख आबादी को बेहतर संपर्क
  • माल परिवहन क्षमता में 52 मिलियन टन प्रतिवर्ष की वृद्धि

सरकार का कहना है कि इससे कोयला, इस्पात, सीमेंट और खाद्यान्न जैसे प्रमुख उत्पादों के परिवहन में तेजी आएगी। साथ ही तेल आयात में कमी और कार्बन उत्सर्जन में गिरावट से पर्यावरणीय लक्ष्यों को भी मजबूती मिलेगी।