Skip to content

नई दिल्ली में होली से पहले आतंकी हमले का अलर्ट, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

नई दिल्ली। होली से पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में संभावित आतंकी हमले को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया है। खुफिया इनपुट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) राजधानी में IED धमाकों की साजिश रच सकता है।

लाल किला और चांदनी चौक पर विशेष नजर

खुफिया सूत्रों के अनुसार, आतंकियों के निशाने पर लाल किला, चांदनी चौक और आसपास के प्रमुख धार्मिक स्थल हो सकते हैं। इनपुट मिलते ही दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने इन संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा कड़ी कर दी है। भीड़भाड़ वाले बाजारों और मंदिरों के आसपास अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं।

नवंबर 2025 की घटना के बाद बढ़ी सतर्कता

गौरतलब है कि 10 नवंबर 2025 को लाल किले के पास ट्रैफिक में चल रही एक कार में विस्फोट हुआ था, जिसमें कई वाहन जल गए थे और जानमाल का नुकसान हुआ था। जांच में सामने आया था कि संदिग्ध कार करीब तीन घंटे तक लाल किला पार्किंग में खड़ी रही थी। घटना के बाद देशभर में छापेमारी कर कई लोगों को हिरासत में लिया गया था।

अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ा इनपुट

सूत्रों के अनुसार, 6 फरवरी को इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए विस्फोट के बाद आतंकी गतिविधियों को लेकर इनपुट और संवेदनशील हो गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि इसके बाद भारत में किसी बड़ी साजिश की तैयारी हो सकती है।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें और अफवाहों से बचें।