Skip to content

गुजरात में छह जिलों की अदालतों को ईमेल धमकी, पुलिस ने कोर्ट परिसर खाली कराया


अहमदाबाद/गुजरात – गुजरात में स्कूलों के बाद मंगलवार को छह अलग-अलग जिला अदालतों को ईमेल के जरिए बम धमकी मिली, जिससे हड़कंप मच गया। धमकी मिलने के बाद तुरंत पुलिस पहुंची और सभी कोर्ट परिसरों को खाली कराया गया। हालांकि जांच के बाद कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, और अधिकारियों ने इसे अफवाह बताया।

धमकी भरे ईमेल अहमदाबाद, वडोदरा, वलसाड, राजकोट, गांधीनगर और मेहसाणा की अदालतों को भेजे गए थे। पुलिस ने बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद से सभी कोर्ट परिसरों में सघन तलाशी अभियान चलाया।

वडोदरा और वलसाड में स्थिति:
वडोदरा जिला अदालत को भेजे गए ईमेल में दावा किया गया कि परिसर में 19 बम रखे गए हैं। पुलिस अधिकारी मंजिता वंजारा ने बताया कि ईमेल में दोपहर तक परिसर को उड़ाने की धमकी दी गई थी और भेजने वाले ने तमिलनाडु की एक अदालत के फैसले की आलोचना भी की।
वलसाड जिला अदालत को भी इसी तरह धमकी मिली, जिसमें कहा गया कि परिसर में 19 IED लगाए गए हैं, जो दोपहर की नमाज से पहले फट जाएंगे। इसके बाद दोनों अदालतों के कमरे खाली कराकर तलाशी अभियान चलाया गया।

अन्य शहरों में अफरा-तफरी:
राजकोट, गांधीनगर और अहमदाबाद की जिला अदालतों को भी सुबह ही खाली कराया गया। दोपहर में मेहसाणा जिला अदालत में भी इसी तरह की धमकी मिली। सभी स्थानों पर तलाशी के बाद कुछ संदिग्ध नहीं पाया गया।

आपको बता दें कि इससे एक दिन पहले, सोमवार को अहमदाबाद और वडोदरा के 34 स्कूलों को भी बम धमकी वाले ईमेल मिले थे, जो बाद में झूठी निकली थीं। पुलिस अब दोनों मामलों के बीच संबंध की जांच कर रही है।