बहुप्रतीक्षित रोमांटिक गीत “नदिया के पार” आज गौरव देवांगन सॉन्ग टेक यूट्यूब चैनल पर आधिकारिक रूप से रिलीज़ हो गया है। यह गीत खरसिया ब्लॉक के ग्राम पंचायत मुरा में फिल्माया गया है, जहाँ की प्राकृतिक सादगी, हरियाली और ग्रामीण परिवेश ने इस गीत को एक अलग ही पहचान दी है।
मीडिया पार्टनर वेदप्रकाश महंत (VPM) ने चर्चा के दौरान बताया कि “जहाँ आम जनता को रोज़मर्रा की जिंदगी में वादियाँ नजर नहीं आतीं, वहीं कलाकार अपनी अभिनय क्षमता, संगीत और कल्पना से उन्हीं साधारण स्थानों को हसीन वादियों में बदल देते हैं।” गीत “नदिया के पार” इस कथन का जीवंत उदाहरण है। मुरा गांव की गलियां, सड़कें और प्राकृतिक दृश्य इतने खूबसूरती से फिल्माए गए हैं कि गांव खुद इस गीत का एक अहम किरदार बनकर उभरता है।
गीत में सत्या साहू और साक्षी की जोड़ी ने दिल को छू लेने वाला और बेहद स्वाभाविक अभिनय किया है। दोनों कलाकारों की केमिस्ट्री दर्शकों को पहली नज़र में ही आकर्षित करती है। उनके हाव-भाव, मुस्कान और भावनात्मक अभिव्यक्ति ने प्रेम कहानी को और भी जीवंत बना दिया है। सहायक कलाकार विकास चंद्रा और चेतना मालाकर ने भी अपने प्रभावशाली अभिनय से गीत को मजबूती प्रदान की है।
इस गीत को अपनी मधुर आवाज़ से सजाया है गौरव देवांगन और दिव्या चौहान ने। गीत के बोल और संगीत संयोजन गौरव देवांगन के हैं, जबकि संगीत निर्देशन चेतन चौहान ने किया है। बांसुरी पर विवेक देवांगन और रिदम में केशव कटारिया ने गीत को और भी कर्णप्रिय बनाया है। गौरव आर स्टूडियो, रायपुर द्वारा की गई गिटार प्रोग्रामिंग, अन्वेष मलिक की मिक्सिंग–मास्टरिंग और रिषभ स्टूडियो, रायगढ़ की रिकॉर्डिंग ने गीत को तकनीकी रूप से भी मजबूत बनाया है।
गीत की सिनेमैटोग्राफी दिनेश अकेला और भूपेंद्र मेहर ने की है, जिससे हर फ्रेम में मुरा गांव की प्राकृतिक सुंदरता साफ झलकती है। संपादन दिनेश अकेला (DN Studio) द्वारा किया गया है। मेकअप की जिम्मेदारी मुस्कान चौहान ने निभाई है। गीत का निर्देशन दिनेश अकेला ने किया है, जबकि कहानी और कंटेंट गौरव देवांगन द्वारा तैयार किया गया है। इस प्रोजेक्ट में सूरज चंद्रा और विक्की चंद्रा का भी विशेष सहयोग रहा।
कुल मिलाकर “नदिया के पार” न सिर्फ एक रोमांटिक गीत है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ के ग्रामीण जीवन, संस्कृति और स्थानीय प्रतिभा का सुंदर प्रतिनिधित्व भी करता है।
छत्तीसगढ़ी संगीत प्रेमियों और दर्शकों से अपील है कि वे इस गीत को अवश्य देखें, कलाकारों और पूरी टीम की मेहनत को सराहें और इसे लाइक, शेयर व कमेंट कर अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाएं, ताकि ऐसे उत्कृष्ट स्थानीय प्रोजेक्ट्स को निरंतर प्रोत्साहन मिलता रहे।
Related Articles

बजट 2026 बस्तर के मूलभूत हितों के खिलाफ — आम आदमी पार्टी ने सरकार की नीति को किया खारिज
Feb 4, 2026
ग्राम कटगी में चलते वाहनों में स्टंट कर, उपद्रव करने वाले कुल 10 अनावेदकों पर की गई कार्यवाही
Feb 3, 2026
