नगरनार पुलिस की कार्रवाई, 5.35 लाख का मादक पदार्थ जब्त
जगदलपुर/बस्तर, 09 जनवरी 2026। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नगरनार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांजा तस्करी करते हुए उत्तर प्रदेश के एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 10.700 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹5.35 लाख बताई गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेश्वर नाग के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमीत कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 09 जनवरी 2026 को थाना नगरनार पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति सफेद बोरी में भारी मात्रा में गांजा लेकर आरटीओ नाका, ग्राम धनपुंजी, एनएच-63 के पास वाहन की तलाश में खड़ा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा।
पूछताछ में उसने अपना नाम शिव कुमार रावत उर्फ भोले (22 वर्ष) पिता राम खिलावन रावत, निवासी भलुवाही वार्ड क्रमांक 08, थाना बदलापुर, जिला जौनपुर (उत्तर प्रदेश) बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद सफेद बोरी से चार पैकेट गांजा बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 10.700 किलोग्राम है।
पुलिस ने मौके पर ही गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 04/2026 धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना नगरनार पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसमें निरीक्षक संतोष सिंह, उप निरीक्षक सतीश यदुराज, सहायक उप निरीक्षक दिनेश ठाकुर तथा आरक्षक दशरू नाग और वेदप्रकाश देशमुख का विशेष योगदान रहा।
नगरनार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त और सतत कार्रवाई जारी रहेगी।
Related Articles

बजट 2026 बस्तर के मूलभूत हितों के खिलाफ — आम आदमी पार्टी ने सरकार की नीति को किया खारिज
Feb 4, 2026
ग्राम कटगी में चलते वाहनों में स्टंट कर, उपद्रव करने वाले कुल 10 अनावेदकों पर की गई कार्यवाही
Feb 3, 2026
