2 फरवरी को कलेक्टर लेंगे सभी विभागों की अहम बैठक
जगदलपुर, 1 फरवरी 2026/ बस्तर जिले में बढ़ते यातायात दबाव और सड़क सुरक्षा की चुनौतियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने अब मैदानी स्तर पर सख्ती और निगरानी बढ़ाने का फैसला किया है। इसी क्रम में सोमवार 2 फरवरी 2026 को जिला सड़क सुरक्षा समिति की एक उच्च-स्तरीय बैठक बुलाई गई है। यह बैठक बस्तर कलेक्टर एवं समिति के अध्यक्ष श्री आकाश छिकारा की अगुवाई में आयोजित होगी।
प्रशासन द्वारा यह तय किया गया है कि प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह के सोमवार को टी.एल. (समय-सीमा) बैठक के दौरान ही सड़क सुरक्षा के मुद्दों पर विशेष चर्चा की जाएगी। फरवरी माह की यह महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को आयोजित है, जिसमें जिले के पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगर निगम आयुक्त सहित लोक निर्माण विभाग, नेशनल हाईवे और बिजली विभाग के कार्यपालन अभियंताओं की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां सुधार करना है। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सड़क सुरक्षा समिति से जुड़े सभी विभाग, जिनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और पुलिस विभाग शामिल हैं, वे पूरी तैयारी के साथ आएं।
सभी अधिकारियों को अपने विभाग की अद्यतन जानकारी और पिछली बैठकों में लिए गए निर्णयों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है, उसका पालन प्रतिवेदन साथ लाने को कहा गया है। प्रशासन की इस सक्रियता से उम्मीद है कि जिले में यातायात प्रबंधन में सुधार होगा और अंतर-विभागीय समन्वय के जरिए सड़कों को आम जनता के लिए और अधिक सुरक्षित बनाया जा सकेगा।
Related Articles

बजट 2026 बस्तर के मूलभूत हितों के खिलाफ — आम आदमी पार्टी ने सरकार की नीति को किया खारिज
Feb 4, 2026
ग्राम कटगी में चलते वाहनों में स्टंट कर, उपद्रव करने वाले कुल 10 अनावेदकों पर की गई कार्यवाही
Feb 3, 2026
