अब अपने और परिवार के लिए समय निकालें: कलेक्टर श्री आकाश छिकार
जगदलपुर, 30 जनवरी 2026/ जिला कलेक्टोरेट स्थित आस्था कक्ष में शुक्रवार को माहौल उस वक्त भावुक हो गया, जब जिले के 16 सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को विदाई दी गई। इस गरिमामय समारोह में कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और सेवानिवृत्त हो रहे सभी साथियों को शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। विदाई की इस बेला में कलेक्टर ने न केवल कर्मचारियों की सेवाओं की सराहना की, बल्कि उन्हें जीवन के अगले पड़ाव के लिए प्रेरित भी किया।

समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने कहा कि शासकीय सेवा से सेवानिवृत्ति का दिन किसी भी व्यक्ति के लिए बहुत ही भावुक क्षण होता है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि नौकरी की व्यस्तता के बीच अक्सर हम अपने और परिवार के लिए पर्याप्त समय नहीं निकाल पाते, लेकिन अब वह समय आ गया है।

कलेक्टर ने कहा, “आप स्वयं के लिए और अपने परिवार के लिए समय निकालिए। अपनी उन इच्छाओं को पूरा करें जो सेवाकाल के दौरान अधूरी रह गई थीं और सबसे महत्वपूर्ण, अपने स्वास्थ्य की देखभाल करें व स्वस्थ रहें।” उन्होंने यह भी अपील की कि शासकीय सेवा का उनका लंबा अनुभव समाज के लिए धरोहर है, इसलिए वे अपने अनुभवों का लाभ आने वाली पीढ़ी को अवश्य पहुँचाएं।

इस अवसर पर वरिष्ठ कोषालय अधिकारी श्री अनिल कुमार पाठक ने प्रशासन की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि पेंशनरों के सभी प्रकरणों का तत्परता से और समय सीमा के भीतर निराकरण करना कलेक्टर श्री आकाश छिकारा की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए कृतसंकल्प है कि सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों को अपने स्वत्वों के लिए परेशान न होना पड़े। सम्मान और आत्मीयता से भरे इस कार्यक्रम में सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया कि जीवन भर शासकीय सेवा करने वाले इन कर्मयोगियों को सेवानिवृत्ति के बाद अपने ही हक के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। इसी उद्देश्य से त्वरित गति से कार्यवाही करते हुए प्रशासन ने विदाई समारोह के दौरान ही उन्हें पीपीओ (पेंशन भुगतान आदेश) और जीपीओ (ग्रेच्युटी भुगतान आदेश) प्रदान कर भविष्य की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित कर दी।
इस अवसर पर सहायक कोषालय अधिकारी सुश्री ममता ध्रुव सहित कोषालय के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Articles

जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद — तीन दिनों में 74 गौ वंश तस्करों के चंगुल से मुक्त, दो आरोपी गिरफ्तार
Feb 4, 2026
‘मिस्टर इंडिया’ बनी 65 बोरी धान से लदी पिकअप? पुलिस और राजस्व विभाग के ‘जादू’ से सिस्टम हैरान, तहसीलदार के विरुद्ध FIR दर्ज होगा?
Feb 4, 2026
