Skip to content

रायगढ़ में महिला से दुष्कर्म का मामला — पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा

कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ देकर किया गया था दुष्कर्म, अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर धमकी

रायगढ़ । छाल थाना क्षेत्र में महिला से दुष्कर्म की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पीड़िता ने 2 फरवरी को थाना छाल में आवेदन प्रस्तुत कर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला ने बताया कि जनवरी 2025 से स्वास्थ्य कारणों से वह मायके में रह रही थी और अप्रैल में कच्चे मकान की मरम्मत के लिए छाल के चन्द्रभान यादव के माध्यम से मिट्टी गिरवाई थी। तभी से आरोपी का घर आना-जाना शुरू हो गया।

आरोपी ने वायरल करने की धमकी देकर लगातार किया शारीरिक शोषण

पीड़िता के अनुसार 6 अप्रैल को आरोपी उसके घर आया और बातचीत के बहाने कोल्ड ड्रिंक पिलाई। कुछ समय बाद नींद आने पर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी लगातार शारीरिक शोषण करता रहा।

महिला की शिकायत पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार

थाना प्रभारी छाल निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने महिला की रिपोर्ट पर तुरंत अपराध क्रमांक 11/2026, धारा 64(2)(एम) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। महिला उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर एवं महिला थाना टीम ने पीड़िता का कथन दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी चन्द्रभान यादव पिता दुर्ग विजय यादव, निवासी ग्राम शाहपुर, पोस्ट अजीजाबाद, थाना जहानागंज, जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश), हाल मुकाम ISC साइडिंग नदी किनारे हाटी पेट्रोल पंप के पास थाना छाल से गिरफ्तार किया। आरोपी की मेडिकल जांच और गिरफ्तारी की औपचारिकताएं पूरी कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस बल की सक्रिय भूमिका और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई

इस पूरे मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी के हमराह प्रधान आरक्षक शंभू पाण्डेय, शंकर क्षत्रिय और आरक्षक भगवती लक्ष्मे ने अहम भूमिका निभाई।

एसएसपी का संदेश — महिलाओं एवं नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों में जीरो टॉलरेंस

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि महिलाओं और नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों में पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति अपनाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी से लेकर न्यायालय में सशक्त पैरवी कर सजा दिलाने तक पुलिस पूरी गंभीरता से कार्य करेगी।