रायगढ़, 04 फरवरी । महिला एवं नाबालिगों से जुड़े अपराधों के मामलों में रायगढ़ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में महिला थाना रायगढ़ ने बालिका से छेड़छाड़ तथा युवती से शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इंस्टाग्राम फ्रेंड बनकर नाबालिग को बहला-फुसलाया, अपहरण और छेड़छाड़ का मामला
पहले प्रकरण में 2 फरवरी को पीड़ित बालिका के पिता ने महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार बीते 4–5 महीनों से एक युवक द्वारा मोबाइल पर लगातार कॉल कर बालिका से बातचीत और फोटो मांगे जा रहे थे। 02 फरवरी को बालिका अपने पिता को टिफिन देने जाने की बात कहकर घर से निकली, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी।
खोजबीन के दौरान रात करीब 9 बजे सूचना मिली कि बालिका जेलपारा कॉम्प्लेक्स जूटमिल के पास है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने एक युवक को भागते देखा, जिसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में बालिका ने बताया कि आरोपी से उसकी पहचान 7–8 माह पूर्व इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे स्कूटी से अपने किराये के मकान ले जाने का प्रयास किया और जेल परिसर क्षेत्र में उसके साथ गंदी नीयत से छेड़छाड़ की।
मामले में अपराध क्रमांक 06/2026, धारा 137(2), 75 भारतीय न्याय संहिता एवं 8 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने कार्तिक तिवारी (23 वर्ष), निवासी खरगौन (म.प्र.), हाल मुकाम कांशीराम चौक जूटमिल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
शादी का भरोसा देकर शोषण, अश्लील वीडियो बनाकर धमकी
दूसरे प्रकरण में 3 फरवरी को युवती ने महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी ने अक्टूबर 2022 से जनवरी 2026 के बीच शादी का झांसा देकर अलग-अलग स्थानों पर शारीरिक संबंध बनाए और अश्लील वीडियो भी रिकॉर्ड किया। बाद में आरोपी ने शादी से इंकार करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता की शिकायत पर अपराध क्रमांक 07/2026, धारा 69, 115(3), 351(2), 308(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर तत्काल दबिश दी गई। पुलिस ने बादल सिंह राजपूत (28 वर्ष), निवासी कोतरारोड़ बैकुंठपुर, मिर्चा गली थाना कोतवाली को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी दर्ज है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
महिला और नाबालिग अपराधों में जीरो टॉलरेंस: एसएसपी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला एवं नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों को लेकर रायगढ़ पुलिस पूरी तरह संवेदनशील है। ऐसे मामलों में त्वरित गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक दीपिका निमर्लकर, एएसआई विल्फ्रेड मसीह, एएसआई सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक संदीप भगत, राजेश उरांव सहित महिला थाना स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।


Related Articles

“सजग उपभोक्ता का गौरव: डॉ. मनीषा त्रिपाठी को CPDCL ने रजत महोत्सव में सम्मानित किया”
Feb 4, 2026
खैर तस्करों पर प्रहार राजस्व-वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 10 टन खैर लकड़ी जप्त, 4 आरोपी हिरासत में
Feb 4, 2026
