जगदलपुर। महानिदेशालय, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के निर्देशानुसार गणतंत्र दिवस 2026 के उपलक्ष्य में 19 जनवरी से 26 जनवरी 2026 तक ‘वंदे मातरम्’ राष्ट्रीय गीत को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से सीआरपीएफ के जवानों, आम नागरिकों एवं बच्चों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ किया जा रहा है।
इसी क्रम में 241 बस्तरिया बटालियन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के अधिकारियों एवं जवानों द्वारा 23 जनवरी 2026 को जवानों, अधिकारियों तथा स्कूली बच्चों के साथ सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन कर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय गीत को आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के संकल्प का मूलमंत्र बताया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वतंत्रता आंदोलन के इस प्रमुख प्रतीक के माध्यम से राष्ट्रीय गौरव, एकता और अखंडता को मजबूत करना रहा।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 7 नवंबर 2025 से 7 नवंबर 2026 तक राष्ट्रव्यापी समारोहों का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में 241 बस्तरिया बटालियन के कमाण्डेन्ट श्री हरविंदर सिंह ने जवानों, अधीनस्थ अधिकारियों, राजपत्रित अधिकारियों एवं स्कूली बच्चों को संबोधित करते हुए ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक और राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को मिठाई वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी श्री संजय कुमार, उप कमाण्डेन्ट श्री निरंजन कुमार निराला, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेश कुमार, सहायक कमाण्डेन्ट श्री प्रमोद कुमार सिंह एवं सहायक कमाण्डेन्ट श्री विनोद कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

Related Articles

कैबिनेट के बड़े फैसले: 10 जिलों में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, SOG को 44 नए पद, पायलट ट्रेनिंग संस्थान और क्लाउड फर्स्ट नीति को मंजूरी
Feb 4, 2026
जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद — तीन दिनों में 74 गौ वंश तस्करों के चंगुल से मुक्त, दो आरोपी गिरफ्तार
Feb 4, 2026
