प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कांग्रेसजनों और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक ग्रंथ नहीं, बल्कि न्याय, स्वतंत्रता और समानता की गारंटी है, लेकिन आज उसी संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने के प्रयास हो रहे हैं।
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार दो वर्षों में अलोकप्रिय साबित हुई है और 2023 के विधानसभा चुनाव में किए गए वादों में से एक भी पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि किसानों को कर्ज माफी से वंचित रखा गया, धान खरीदी की दरें घटाई गईं और भुगतान में देरी से किसान आर्थिक संकट में फंसे हैं। धान के भंडारण में अव्यवस्था के कारण लाखों क्विंटल अनाज के खराब होने का भी आरोप लगाया गया।
महिलाओं और युवाओं के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना का लाभ सभी पात्र महिलाओं तक नहीं पहुंच रहा है, जबकि युवाओं को रोजगार और बेरोजगारी भत्ता देने के वादे भी अधूरे हैं। शिक्षक भर्ती, नियमितीकरण और बढ़ती बेरोजगारी को लेकर सरकार की नाकामी पर उन्होंने सवाल उठाए।
शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली दरों पर भी भाजपा सरकार को घेरते हुए दीपक बैज ने कहा कि आत्मानंद स्कूलों को कमजोर किया जा रहा है, हजारों स्कूल बंद किए गए हैं और स्वास्थ्य सेवाओं की हालत बिगड़ रही है। बिजली दरों में बढ़ोतरी से गरीब और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है।
कानून-व्यवस्था, भूमि दरों में वृद्धि और प्राकृतिक संसाधनों के निजीकरण पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में आम नागरिक, महिलाएं और व्यापारी सुरक्षित नहीं हैं। साथ ही जल-जंगल-जमीन को उद्योगपतियों के हाथों सौंपने का आरोप लगाया।
दीपक बैज ने मनरेगा में बदलाव को गरीबों के रोजगार पर हमला बताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र, संविधान और जनहित के मुद्दों पर सड़कों से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक जिम्मेदार विपक्ष के रूप में कांग्रेस छत्तीसगढ़ और देश की जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर आवाज उठाती रहेगी।



Related Articles

कैबिनेट के बड़े फैसले: 10 जिलों में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, SOG को 44 नए पद, पायलट ट्रेनिंग संस्थान और क्लाउड फर्स्ट नीति को मंजूरी
Feb 4, 2026
जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद — तीन दिनों में 74 गौ वंश तस्करों के चंगुल से मुक्त, दो आरोपी गिरफ्तार
Feb 4, 2026
