जगगरुंडा, सुकमा, 08 जनवरी 2026। बस्तर के अति संवेदनशील क्षेत्रों में विकास की नई किरण पहुँचाने के संकल्प के साथ उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री श्री विजय शर्मा आज सुकमा जिले के ग्राम जगरगुंडा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ग्राम के पारंपरिक समाज प्रमुखों – गायता, सिरहा, पुजारी, बैगा – और जनप्रतिनिधियों के साथ मुलाकात की।
समाज प्रमुखों ने बताया कि हिंसा के दौर में विकास कार्य गांव तक नहीं पहुँच पाते थे और मूलभूत सुविधाओं का अभाव था। इस पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अब हिंसा नहीं बल्कि विकास सुकमा की नई पहचान बनेगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शासन द्वारा ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में “नियद नेल्ला नार” योजना के तहत विकास को तीव्र गति दी जा रही है। सुरक्षा कैंप अब केवल नक्सल गतिविधि रोकने के लिए नहीं, बल्कि सरकारी योजनाओं को सीधे ग्रामीणों तक पहुँचाने वाले ‘सुविधा केंद्र’ के रूप में कार्य कर रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि ऐसे ग्राम जो अपने सभी भटके हुए युवाओं को मुख्यधारा में वापस लाकर ‘सशस्त्र नक्सल हिंसा मुक्त’ घोषित करेंगे, उन्हें 1 करोड़ रुपये की अतिरिक्त विकास राशि और जनपद एवं जिला पंचायत सदस्यों को भी परियोजना निधि प्रदान की जाएगी।
ग्रामीणों के लिए विकास और स्वरोजगार के अवसर
बस्तर के वनोपजों से अब ग्रामीण व्यवसायी बनने की ओर बढ़ रहे हैं। अब वे वनोत्पाद इकट्ठा करने के बजाय प्रोसेसिंग यूनिट लगाकर उत्पादक और व्यवसायी बनेंगे, जिससे 4-5 गुना अधिक लाभ मिलेगा।
कृषि और स्वास्थ्य योजनाओं का वितरण
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने किसानों को उन्नत किस्म के मूंग और उड़द के बीज, 50 कृषकों को टमाटर और बैंगन के उन्नत पौधे, 17 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड प्रदान किए। साथ ही 76 समूहों को 11.40 लाख रुपए, 63 समूहों को 37.80 लाख रुपए और 6 समूहों को बैंक लिंकेज के तहत 8 लाख रुपए की राशि वितरित की।
स्वास्थ्य क्षेत्र में भी उपमुख्यमंत्री ने मिशन दृष्टि के तहत मोतियाबिंद मुक्त अभियान के लिए विशेष बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसमें 40 लोगों का इलाज जिला अस्पताल में कराया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पीएचसी बुरड़ी, गगनपल्ली और किस्टाराम को एनक्यूएएस सर्टिफिकेट प्रदान किया और स्वास्थ्यकर्मियों को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में जिले के कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे। श्री विजय शर्मा ने सभी से हिंसा से दूर रहकर विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया और गांवों के समग्र विकास को सुनिश्चित करने की अपील की।


Related Articles

बजट 2026 बस्तर के मूलभूत हितों के खिलाफ — आम आदमी पार्टी ने सरकार की नीति को किया खारिज
Feb 4, 2026
ग्राम कटगी में चलते वाहनों में स्टंट कर, उपद्रव करने वाले कुल 10 अनावेदकों पर की गई कार्यवाही
Feb 3, 2026
