जगदलपुर। लोहण्डीगुड़ा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत धाराऊर में आयोजित स्वस्थ पंचायत सम्मेलन उत्साह और व्यापक जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ। ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण समिति (VHNSC) द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में चित्रकोट विधायक विनायक गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

स्वस्थ पंचायत से ही बनेगा सशक्त समाज: विधायक
सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक विनायक गोयल ने कहा कि स्वस्थ पंचायत ही सशक्त समाज की मजबूत नींव होती है। उन्होंने कहा कि सरकार की स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी योजनाएं तभी प्रभावी होंगी, जब पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य कार्यकर्ता और ग्रामीण मिलकर सक्रिय सहभागिता निभाएंगे। उन्होंने ग्राम पंचायत धाराऊर द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इसे अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण पर हुई विस्तृत चर्चा
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य, स्वच्छता, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण उन्मूलन, टीकाकरण और साफ-सफाई जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मियों ने ग्रामीणों को स्वच्छ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और पोषणयुक्त आहार के महत्व की जानकारी दी।
मितानिन दीदियों का सम्मान, निभा रहीं गांव की अहम जिम्मेदारी
सम्मेलन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली मितानिन दीदियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। विधायक गोयल ने मितानिन दीदियों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान करते हुए कहा कि मितानिन दीदियां गांव की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं, जो घर-घर जाकर सेवाएं देती हैं और कठिन परिस्थितियों में भी सेवा भाव से कार्य करती हैं। उन्होंने उनके योगदान को अतुलनीय बताया।

ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य समितियों की सक्रियता से ही स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण का निर्माण संभव है। उन्होंने ग्रामीणों से खुले में शौच मुक्त गांव, स्वच्छता अभियान और पोषण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों की रही व्यापक उपस्थिति
कार्यक्रम में पूर्व विधायक लच्छुराम कश्यप, जिला पंचायत सदस्य चन्द्रभान कश्यप, पदमनी कश्यप, जनपद अध्यक्ष पदमा कश्यप, उपाध्यक्ष बसंत कश्यप सहित अनेक जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, मितानिन दीदियां, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Related Articles

ग्राम कटगी में चलते वाहनों में स्टंट कर, उपद्रव करने वाले कुल 10 अनावेदकों पर की गई कार्यवाही
Feb 3, 2026
नगर निगम जगदलपुर ने टैक्स दरों में नहीं की बढ़ोतरी, री-असेसमेंट के कारण बढ़ी राशि
Feb 3, 2026
