Skip to content

जगदलपुर ब्रेकिंग: तालाब में गिरी स्कॉर्पियो, तीन युवकों की मौत, चार घायल

जगदलपुर। शहर के कालीपुर क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। क्रिकेट मैच खेलकर लौट रहे युवकों की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर कालीपुर स्थित तालाब में जा गिरी, जिससे मौके पर तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक घायल हो गए हैं। घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो तालाब की बंड पर बनी संकरी सड़क से होते हुए जगदलपुर की ओर आ रही थी। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और स्कॉर्पियो सीधे तालाब में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के कांच लॉक हो गए, जिससे अंदर बैठे लोग बाहर नहीं निकल पाए।

हादसे में भावेश, शेखर और मनीष की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक युवक गाड़ी की आगे की सीटों पर बैठे हुए थे। वहीं अन्य चार युवक किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रहे और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, तालाब से वाहन को बाहर निकलवाया गया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।