Skip to content

विकसित भारत की दिशा में ऐतिहासिक बजट : आत्मनिर्भरता, रोजगार और ग्रामीण सशक्तिकरण का रोडमैप – विपिन मालवीय

यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने वाला है – अधिवक्ता एवं कर सलाहकार विपिन मालवीय

आत्मनिर्भरता, रोजगार और समृद्ध भारत की ओर निर्णायक कदम

जगदलपुर। केंद्रीय बजट 2026-27 को विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत की नींव मजबूत करने वाला बताते हुए भारतीय जनता पार्टी बस्तर के जिला सह कोषाध्यक्ष, अधिवक्ता एवं कर सलाहकार विपिन मालवीय ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को जमीन पर उतारने की दिशा में एक बड़ा और निर्णायक कदम है।

उन्होंने कहा कि इस बजट में किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए व्यापक प्रावधान किए गए हैं। फसल बीमा, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा तथा डिजिटल माध्यम से मंडी भाव और मौसम की जानकारी जैसी पहलें किसानों की आय को स्थिर और सुरक्षित करने पर केंद्रित हैं। सरकार की मंशा स्पष्ट है कि खेती को जोखिम से निकालकर टिकाऊ आमदनी का मजबूत आधार बनाया जाए।
महात्मा गांधी ग्राम स्वराज योजना के तहत खादी और हस्तशिल्प के सशक्तिकरण से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

विपिन मालवीय ने बताया कि बजट में युवाओं और रोजगार को भी विशेष प्राथमिकता दी गई है। सरकार युवाओं को केवल नौकरी खोजने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाना चाहती है। स्कूल स्तर से स्किल ट्रेनिंग, स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन, उद्योगों का विस्तार, रिसर्च एंड डेवलपमेंट पर जोर तथा नए मेडिकल हब्स की स्थापना से बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की राह खुलेगी। कॉलेजों में कंटेंट क्रिएशन लैब की घोषणा को भी उन्होंने इसी दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।

कर सलाहकार विपिन मालवीय ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी बजट राहत भरा है। पांच मेडिकल हब, जिला अस्पतालों की क्षमता वृद्धि और गंभीर बीमारियों के इलाज को सस्ता करने जैसे कदम आम जनता के लिए बड़ी सौगात हैं।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि सरकार ने इस वर्ष जनता पर किसी भी नए कर का बोझ नहीं डाला, जिससे आम लोगों को सीधी राहत मिलेगी।

विपिन मालवीय ने कहा कि यह बजट निश्चित रूप से 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं को पूरा करता दिखाई देता है और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मजबूत आधार प्रदान करता है।