रायगढ़। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांदमारी में 26 जनवरी 2026 को 77वां गणतंत्र दिवस सिर्फ एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, शिक्षा और सामाजिक सहभागिता का जीवंत उत्सव बनकर सामने आया। विद्यालय परिसर तिरंगे, देशभक्ति गीतों और ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी नारों से गूंज उठा।

ध्वजारोहण के साथ शुरू हुआ गौरवमयी आयोजन
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी, महात्मा गांधी और बाबा भीमराव अंबेडकर के चित्रों पर दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण से हुई। शाला प्रबंधन एवं विकास समिति अध्यक्ष शोभा शर्मा, अमित शर्मा की अध्यक्षता में ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रगान और देशभक्ति गीतों के बीच ध्वज को सलामी दी गई, जिससे पूरे वातावरण में राष्ट्रीय चेतना का संचार हो गया।

संविधान और गणतंत्र के मूल्यों पर सशक्त संदेश
एसएमडीसी सदस्यों शोभा शर्मा, अमित शर्मा, महेंद्र यादव और शिक्षाविद् पूर्णानंद शर्मा ने अपने उद्बोधन में संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों और कर्तव्यों पर जोर दिया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत, नृत्य और ओजस्वी भाषण प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

डॉ. मनीषा त्रिपाठी का ऐतिहासिक सम्मान
कार्यक्रम का सबसे गौरवपूर्ण क्षण तब आया जब राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित प्रधान पाठक डॉ. मनीषा त्रिपाठी को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान, अनुशासित शाला संचालन और प्रभावी नेतृत्व के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
गुरुदेव पंडित आर.पी. तिवारी, संकुल शैक्षिक समन्वयक सन्नी खांडे और शिक्षक मुकेश मेहेर द्वारा शाल-श्रीफल भेंट किया गया, जबकि प्राथमिक विभाग अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव ने स्मृति चिन्ह प्रदान किया। वक्ताओं ने डॉ. त्रिपाठी को चांदमारी स्कूल की पहचान और प्रेरणास्रोत बताया।
उल्लेखनीय है कि डॉ. मनीषा त्रिपाठी स्वतंत्रता दिवस पर चार बार और गणतंत्र दिवस पर तीन बार सम्मानित हो चुकी हैं। गुरु सम्मान, नारी शक्ति सम्मान, आदर्श शिक्षक अवार्ड सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से उन्हें नवाजा जा चुका है।

नवनिर्मित शौचालय का लोकार्पण, बुनियादी सुविधाओं में बड़ा कदम
समारोह के दौरान समाजसेवी सुभाष चन्द्र अग्रवाल के सहयोग से निर्मित नवनिर्मित शौचालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। पूजा-अर्चना और फीता काटकर किए गए इस लोकार्पण को विद्यालय के विकास की दिशा में अहम कदम बताया गया।

सशक्त संचालन, पूर्ण सहभागिता
प्रभारी प्राचार्य भरतलाल नामदेव के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का ओजपूर्ण संचालन प्रधान पाठक डॉ. मनीषा त्रिपाठी ने किया। आभार प्रदर्शन व्याख्याता इरयल टोप्पो ने किया, जबकि पूरे आयोजन का छायांकन शिक्षक मंजू अवस्थी और राकेश कुमार यादव ने संभाला।
मिष्ठान वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन में संपूर्ण शालेय परिवार, अतिथियों और विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही और हर चेहरे पर गर्व व खुशी साफ नजर आई।
Related Articles

बजट 2026 बस्तर के मूलभूत हितों के खिलाफ — आम आदमी पार्टी ने सरकार की नीति को किया खारिज
Feb 4, 2026
रायगढ़ में अवैध शराब कारोबार पर जूटमिल पुलिस का करारा प्रहार — भारी मात्रा में देशी/अंग्रेजी शराब और पिकअप जब्त, आरोपी जेल भेजा
Feb 4, 2026
