मां सरस्वती की आराधना से भक्तिमय हुआ विद्यालय परिसर
बसंत पंचमी पर विशेष आयोजन
रायगढ़।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांदमारी, रायगढ़ में बसंत पंचमी का पर्व श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्या, विवेक और वाणी की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना कर विद्यालय की उन्नति, शांति एवं शैक्षणिक प्रगति की कामना की गई।

कविता और वंदना ने बांधा समां
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रहीं राज्यपाल पुरस्कृत प्रधान पाठिका डॉ. मनीषा त्रिपाठी, जिन्होंने मां शारदे की आराधना करते हुए अपनी स्वरचित सरस्वती वंदना का भावपूर्ण पाठ किया। उनकी काव्य प्रस्तुति से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और शिक्षक, स्टाफ व विद्यार्थी भावविभोर दिखाई दिए।
सामूहिक पूजा और प्रार्थना
पूजन के दौरान शालेय शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से मां सरस्वती की वंदना की। इस अवसर पर शिक्षा के अधिकार, सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण, शांति एवं सद्भाव के लिए विशेष प्रार्थना की गई। विद्यालय परिसर में अनुशासन और आध्यात्मिक ऊर्जा का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
उत्साह और श्रद्धा का दृश्य
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित जनों के चेहरों पर उत्साह और भक्ति भाव स्पष्ट झलक रहा था। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर विद्यालय परिवार ज्ञान, संस्कार और संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया।
भोग-प्रसाद के साथ समापन
पूजा-अर्चना के पश्चात सभी ने भोग-प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ, जिसमें ज्ञान, विनम्रता और सदाचार के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
सरस्वती वंदना
कर जोड़ माँ करती नमन अब शारदे वरदान दो,
हिय से मिटा कर तम घना सच-झूठ की पहचान दो।
सुर को सजा कर गा सकूँ हर गीत को लय-राग से,
नित वंदना करती रहूँ सरगम मधुर सुर-तान दो।
नव छंद नित रचती रहूँ गुरु की कृपा रख शीश पर,
यह लेखनी लिखती रहे गीतिका, सुन ज्ञान दो।
कविता कहूँ, ग़ज़लें लिखूँ, फिर गान भी मन से करूँ,
लिखते रहें नव छंद सब, सबको सदा नित भान दो।
सर हाथ माँ रखना सदा नित सत्य के पथ पर चलूँ,
धन देश हित जो लुटा सके, ऐसा बना धनवान दो।
नित जोत जगमग ज्ञान की जलती रहे बस रात-दिन,
अब खोल दो हिय द्वार का पट, मत कभी अभिमान दो।
— डॉ. मनीषा त्रिपाठी
रायगढ़, छत्तीसगढ़
Related Articles

बजट 2026 बस्तर के मूलभूत हितों के खिलाफ — आम आदमी पार्टी ने सरकार की नीति को किया खारिज
Feb 4, 2026
रायगढ़ में अवैध शराब कारोबार पर जूटमिल पुलिस का करारा प्रहार — भारी मात्रा में देशी/अंग्रेजी शराब और पिकअप जब्त, आरोपी जेल भेजा
Feb 4, 2026
