थाना बोधघाट पुलिस की सतत कार्रवाई, आदतन आरोपी गिरफ्तार
जगदलपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बस्तर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बोधघाट क्षेत्र में अवैध रूप से नशीली कैप्सूल की बिक्री के लिए ले जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं जब्त की गई हैं। आरोपी पूर्व में भी वर्ष 2023 में एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में जेल जा चुका है।
मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई
दिनांक 17 जनवरी 2026 की सुबह थाना बोधघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बिक्री के उद्देश्य से मिशन ग्राउंड स्कूल के पीछे झोला लेकर मौजूद है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक गीतिका साहू के पर्यवेक्षण में, थाना प्रभारी बोधघाट लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद सिराज, पिता अब्दुल रज्जाक, उम्र 29 वर्ष, निवासी महादेव घाट शिवमंदिर वार्ड, थाना कोतवाली, जगदलपुर बताया।
भारी मात्रा में नशीली कैप्सूल बरामद
आरोपी की तलाशी लेने पर उसके झोले से कुल 30 पत्ते, जिनमें 240 नग प्रतिबंधित ट्रामोडोल स्पास्मो प्रॉक्सीवोन नशीली कैप्सूल, कुल वजन 160.8 ग्राम, बरामद किए गए। जब्त नशीली दवाओं की खुदरा कीमत लगभग 12 लाख 86 हजार 400 रुपये आंकी गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे दिनांक 17 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को माननीय विशेष न्यायालय एनडीपीएस, जगदलपुर में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
नशे के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में बस्तर पुलिस द्वारा नशे के सौदागरों एवं आपराधिक तत्वों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक लोकेश्वर नाग, प्रमोद ठाकुर, प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग, सुनील मनहर, महिला प्रधान आरक्षक वर्षा साहू, आरक्षक भैरव सिन्हा, युवराज ठाकुर, रामचंद्र साहू, थानेंद्र सिन्हा एवं अजीत सरकार की अहम भूमिका रही।
Related Articles

शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण जारी, सक्षम व्यवहार न्यायालय के आदेश की अवहेलना पर भी प्रशासन मौन
Feb 4, 2026
कैबिनेट के बड़े फैसले: 10 जिलों में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, SOG को 44 नए पद, पायलट ट्रेनिंग संस्थान और क्लाउड फर्स्ट नीति को मंजूरी
Feb 4, 2026
