जगदलपुर । कलेक्टर श्री हरीश एस. एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक के निर्देशानुसार तथा जिला शहरी कार्यक्रम प्रबंधक श्री पी.डी. बस्तिया के मार्गदर्शन में दिनांक 13 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर एनीमिया उन्मूलन अभियान का आयोजन शासकीय उच्च माध्यमिक शाला माता लव बाई कन्या क्रमांक-01, जगदलपुर में किया गया।
यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त सहभागिता से संपन्न हुआ। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय बालिका दिवस प्रतिवर्ष 24 जनवरी को मनाया जाता है, जिसके अंतर्गत 12 जनवरी से 30 जनवरी 2026 तक विशेष स्वास्थ्य शिविर एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना, उनके स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनभागीदारी को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में जगदलपुर शहरी स्वास्थ्य केंद्र से आई महिला चिकित्सक डॉ. मौमिता बसाक ने बालिका भ्रूण हत्या की रोकथाम, एनीमिया से बचाव, मासिक धर्म स्वच्छता, आयरन फोलिक एसिड गोली के सही उपयोग एवं संतुलित आहार के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान कुल 110 बालिकाओं का हीमोग्लोबिन परीक्षण कर लक्षणों के आधार पर उपचार एवं परामर्श प्रदान किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी श्रीमती अर्चना सैमसंग ने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, संतुलित पोषण, बाल विवाह उन्मूलन तथा रेडी-टू-ईट पोषण आहार जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही बालिकाओं को सशक्त बनाने एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला मिशन समन्वयक श्रीमती निशा पटेल, विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती वंदना मदनकर, वित्तीय साक्षरता एवं समन्वयक विशेषज्ञ श्रीमती मीना बघेल, स्वास्थ्य विभाग से प्रशांत श्रीवास्तव, यशोधरा, मोहन कश्यप सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में बालिकाएं उपस्थित रहीं।






Related Articles

कैबिनेट के बड़े फैसले: 10 जिलों में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, SOG को 44 नए पद, पायलट ट्रेनिंग संस्थान और क्लाउड फर्स्ट नीति को मंजूरी
Feb 4, 2026
जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद — तीन दिनों में 74 गौ वंश तस्करों के चंगुल से मुक्त, दो आरोपी गिरफ्तार
Feb 4, 2026
