Skip to content

सादगी और सामाजिक सरोकार की मिसाल: जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने शासकीय विद्यालय में मनाया पुत्र दक्षित साय का चौथा जन्मदिन

कांसाबेल। जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने आज अपने पुत्र दक्षित साय का चौथा जन्मदिन ग्राम पोंगरो स्थित शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला में अत्यंत सादगी और सामाजिक भावना के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के साथ मिलकर खुशियाँ साझा कीं और जन्मदिन को सेवा एवं संवेदनशीलता से जोड़ा।


जन्मदिन के अवसर पर विद्यालय के सभी बच्चों एवं स्टाफ के लिए मिठाई और भोजन की विशेष व्यवस्था की गई। बच्चों के चेहरों पर उत्साह और खुशी साफ झलक रही थी, वहीं विद्यालय परिसर में आत्मीय और सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।



जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय द्वारा अपने पुत्र का जन्मदिन किसी निजी आयोजन के बजाय शासकीय विद्यालय में मनाना समाज के प्रति जिम्मेदारी, शिक्षा के सम्मान और बच्चों के प्रति संवेदनशील सोच को दर्शाता है। ग्रामीण क्षेत्र में इस पहल को एक प्रेरणादायक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।



विद्यालय परिवार एवं ग्रामवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए दक्षित साय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।