Skip to content

मेला घूमने आए युवक की बाइक चोरी, 4 घंटे में पुलिस ने खोला राज — मास्टर चाबी से वारदात, 2 आरोपी गिरफ्तार

नगरनार (बस्तर)। थाना नगरनार क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज चार घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों ने बाइक चोरी कर उसे बेचने की योजना बनाई थी, ताकि अपनी जरूरतें पूरी कर सकें। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल और मास्टर चाबी बरामद कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


मेला देखने आए युवक की बाइक गायब, सुबह हुआ चोरी का खुलासा

प्रार्थी प्रहलाद मांझी, निवासी ग्राम काटागुड़ा, कोसागुमड़ा जिला नवरंगपुर (ओडिशा), 3 अप्रैल 2026 की रात अपने भाई आसमन मांझी और कृष्णा मांझी के साथ मेला घूमने नगरनार आया था। उसने अपनी लाल रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG04CT1099 को पंचायत भवन के पास खड़ी कर मेला व नाचा कार्यक्रम देखने चला गया।
सुबह करीब 6 बजे लौटने पर बाइक गायब मिली। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने बताया कि बाइक को सरोज नेताम चलाते हुए और पीछे एक अन्य युवक बैठा देखा गया था।


सूचना मिलते ही पुलिस एक्टिव, 4 घंटे में आरोपियों को दबोचा

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संतोष सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम चोकावाड़ा में दबिश देकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।


मास्टर चाबी से लॉक तोड़कर की चोरी, बाइक बरामद

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मोटरसाइकिल का लॉक मास्टर चाबी से खोलकर चोरी की थी। उनके कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल क्रमांक CG04CT1099 (कीमत लगभग 30 हजार रुपये) और मास्टर चाबी बरामद कर जप्त की गई।


दोनों आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

गिरफ्तार आरोपियों में सरोज नेताम (26 वर्ष) और महेंद्र गोयल (22 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम चोकावाड़ा शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को 4 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय जगदलपुर में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मामले में अपराध क्रमांक 47/2026 के तहत धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।


इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी संतोष सिंह, उपनिरीक्षक सतीस यदुराज, सहायक उपनिरीक्षक सतीस तिवारी और प्रधान आरक्षक रमेश पासवान का विशेष योगदान रहा।