हैदराबाद: इंडियन सिनेमा बीते कुछ सालों से बॉक्स ऑफिस पर अपनी सक्सेस के पीक पर है. कोविड 19 के बाद से इंडियन फिल्में बॉक्स ऑफिस पर ना सिर्फ कमाई के बड़े-बड़े रिकॉर्ड बना रही है, बल्कि ऐसे-ऐसे इतिहास भी रच रही है, जो इंडियन फिल्म इंडस्ट्री में पहले कभी नहीं रचे गए हैं. दंगल, बाहुबली और केजीएफ फ्रेंचाइजी के बाद से बॉक्स ऑफिस पर कमाई के नए-नए रिकॉर्ड सामने आ रहे हैं. वहीं, साल 2023 में शाहरुख खान ने पठान और जवान जैसी दो 1000 करोड़ी फिल्में देकर बॉलीवुड में अपना कमबैक किया था. इसके बाद से गदर 2, एनिमल, डंकी, छावा, पुष्पा 2, बॉर्डर 2, कांतारा चैप्टर 2, सालार और धुरंधर समेत कई फिल्मों ने अपनी कमाई से बॉक्स ऑफिस हिला डाला था.
फिलहाल बड़े पर्दे पर आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म धुरंधर: द रिवेंज का जलवा है. फिल्म ने एक हफ्ते में 1000 करोड़ रुपये की कमाई का माइलस्टोन हासिल कर लिया है. इसी के साथ आदित्य धर इंडियन सिनेमा के दिग्गज डायरेक्टर एस.एस राजामौली के बाद दूसरे ऐसे डायरेक्टर बन गए हैं, जिन्होंने दो 1000 करोड़ी फिल्में दी हैं. बात करेंगे आदित्य धर समेत उन इंडियन डायरेक्टर्स की जिन्होंने कम उम्र में ही 1000 करोड़ी फिल्म देकर इंडियन सिनेमा पर अपना दबदबा कायम किया है.
आदित्य धर
उरी-द सर्जिकल स्ट्राइक जैसी फिल्म के लिए मशहूर आदित्य धर महज अभी 43 साल के हैं. वह साल 2009 से इंडियन सिनेमा में एक्टिव हैं और बतौर डायरेक्टर उन्होंने उरी (2019) फिल्म से फिल्म निर्देशन में कदम रखा था. इसके बाद उन्होंने आर्टिकल 370, धूम धाम और बारामुला जैसी फिल्मों की स्क्रिप्ट लिखी थी. साल 2025 में उन्होंने फिल्म धुरंधर लिखी और धुरंधर ने 1300 करोड़ रुपये कमाकर बॉलीवुड में इतिहास रच दिया. धुरंधर अभी तक की बॉलीवुड की दूसरी सबसे कमाऊ फिल्म है. पहले नंबर पर आमिर खान की दंगल है, जिसने 2000 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाई की थी. बीती 19 मार्च को रिलीज हुई फिल्म धुरंधर 2 ने महज एक हफ्ते में 1088 करोड़ रुपये कमाकर बता दिया है कि यह फिल्म सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म दंगल (2000 करोड़ रुपये) का रिकॉर्ड तोड़ने की ओर बढ़ रही है. धुरंधर 2 के पास सुनहरा मौका है इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए.
नितेश तिवारी
इंडियन सिनेमा की सबसे भारी भरकम बजट (4000 करोड़ रुपये) की फिल्म रामायण को बनाने में बिजी नितेश तिवारी ही आमिर खान की दंगल के डायरेक्टर हैं. नितेश तिवारी की फिल्म का रिकॉर्ड बीते 10 साल से आज तक कोई फिल्म नहीं तोड़ पाई है. दंगल की रिलीज के वक्त नितेश तिवारी महज 43 साल के थे. दंगल ने वर्ल्डवाइड 2070 करोड़ रुपये की कमाई की थी. पुष्पा 2 और बाहुबली 2 ही दंगल की कमाई के करीब पहुंची थी, लेकिन रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाई. अब धुरंधर 2 से उम्मीद है कि यह दंगल का रिकॉर्ड जरूर तोड़ देगी. दंगल नितेश के करियर की अबतक की पहली 1000 करोड़ी और 2000 करोड़ी फिल्म है.
एस.एस राजामौली
इंडियन सिनेमा के सबसे दिग्गज डायरेक्टर में से एक एस.एस राजामौली ने साउथ सिनेमा में कमाई का क्रेज चालू किया है. राजामौली पहले ऐसे साउथ फिल्म डायरेक्टर हैं, जिनकी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस 1000 करोड़ रुपये का माइलस्टोन हासिल किया था. साल 2017 में रिलीज हुई प्रभास और राणा दुग्गुबती स्टारर फिल्म बाहुबली 2 : द कन्क्लुजन ने वर्ल्डवाइड 1788 करोड़ रुपये की कमाई की थी. इसके पांच साल बाद राजामौली ने राम चरण और जूनियर एनटीआर स्टारर फिल्म आरआरआर बनाई, जिसने 1230 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइ़ड कलेक्शन कर सभी को चौंका दिया था. राजामौली एकमात्र साउथ इंडियन डायरेक्टर हैं, जिन्होंने सबसे पहले दो बार 1000 करोड़ी फिल्म दी हैं. अब राजामौली अपनी अगली फिल्म वाराणसी से धमाका करने के लिए तैयार हैं. फिल्म में महेश बाबू, पृथ्वीराज सुकुमारन और प्रियंका चोपड़ा अहम रोल में होंगे. फिल्म 2027 में रिलीज होगी. यकीनन यह फिल्म राजामौली की तीसरी 1000 करोड़ी फिल्म हो सकती है.
सुकुमार
साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन और फिल्म डायरेक्टर सुकुमार की जोड़ी पुष्पा से पहले भी हिट फिल्में दे चुकी हैं, लेकिन पुष्पा फ्रेंचाइजी ने इस जोड़ी को टॉप एक्टर-डायरेक्टर की जोड़ी में खड़ा कर दिया है. 2021 में रिलीज हुई फिल्म पुष्पा: द राइज का जादू सबने देखा था. वहीं साल 2024 में रिलीज हुए फिल्म के दूसरे पार्ट पुष्पा: द रूल ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 1742 करोड़ रुपये कमाकर इतिहास ही रच डाला था. बाहुबली 2 के बाद पुष्पा 2 दूसरी सबसे कमाऊ टॉलीवुड फिल्म है. 53 साल के डायरेक्टर सुकुमार अब पुष्पा 3 से इससे बड़ा धमाका करने की फिराक में हैं.
प्रशांत नील
कन्नड़ सिनेमा को इंडियन बॉक्स ऑफिस की मुख्य धारा में लाने वाले डायरेक्टर प्रशांत नील ही हैं. रॉकिंग स्टार यश जैसे नॉन-पॉपुलर चेहरे के साथ साल 2018 में फिल्म केजीएफ: चैप्टर 1 बनाई, जिसने बॉक्स ऑफिस पर खूब कमाई की और यश इस फिल्म से रातोंरात स्टार बन गए. 41 साल के प्रशांत नील ने साल 2022 में यश के साथ फिल्म का दूसरा पार्ट केजीएफ : चैप्टर 2 पेश की, जो कन्नड़ सिनेमा की पहली और इंडियन सिनेमा की छठी सबसे कमाऊ फिल्म बन गई. केजीएफ 2 ने वर्ल्डवाइड 1251 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. वहीं, प्रभास के साथ सालार से प्रशांत नील ने वर्ल्डवाइड तकरीबन 750 करोड़ रुपये की कमाई की थी और अब यकीनन वह सालार 2 से वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने की कोशिश करेंगे.
एटली
इंडियन सिनेमा के सबसे बड़े सुपरस्टार शाहरुख खान को उनके करियर की सबसे कमाऊ फिल्म देने वाले डायरेक्टर का नाम है एटली, जिन्होंने जवान जैसी फिल्म से शाहरुख को बॉक्स ऑफिस का किंग बना डाला था. 37 साल के डायरेक्टर एटली की फिल्म जवान साल 2023 में रिलीज हुई थी, जिसने वर्ल्डवाइड 1160 करोड़ रुपये की कमाई की थी. शाहरुख के होम प्रोडक्शन रेड चिलीज एंटरटेनमेंट बैनर तले बनी फिल्म जवान, दंगल और धुरंधर के बाद तीसरी सबसे कमाऊ बॉलीवुड फिल्म है. एटली के करियर की जवान पहली 1000 करोड़ी फिल्म है. अब एटली साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण के साथ अपने प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं.
सिद्धार्थ आनंद
44 साल के डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद सलाम नमस्ते, ता रा रम पम, बचना है हसीनो बैंग बैंग और वॉर जैसी दमदार फिल्में बना चुके हैं. सिद्धार्थ ने साल 2023 में पहली बार शाहरुख खान से हाथ मिलाया था और यशराज बैनर तले एक्शन स्पाई फिल्म पठान डायरेक्ट की थी. पठान ना सिर्फ शाहरुख खान, बल्कि सिद्धार्थ आनंद के करियर की पहली 1000 करोड़ी फिल्म है. पठान से शाहरुख के गिरते बॉलीवुड करियर को हवा लगी थी. अब सिद्धार्थ की अगली फिल्म किंग है, जिसमें एक बार फिर उनकी जोड़ी शाहरुख के साथ नजर आएगी. कहना गलत नहीं होगा कि किंग शाहरुख-सिद्धार्थ की जोड़ी दूसरी 1000 करोड़ी फिल्म हो सकती है. किंग मौजूदा साल में 24 दिसंबर को रिलीज होगी.
नाग अश्विन
आखिर में नाग अश्विन ने प्रभास के साथ साइंस-फिक्शन एक्शन फिल्म कल्कि 2898 एडी डायरेक्ट की थी, जो किन उनकी पहली 1000 करोड़ी क्लब में शामिल होने वाली फिल्म है. वहीं, कल्कि 2898 एडी प्रभास के करियर की बाहुबली 2 के बाद दूसरी 1000 करोड़ रुपये कमाने वाली फिल्म है. साल 2024 में रिलीज हुई कल्कि 2898 एडी ने वर्ल्डवाइड 1042 करोड़ रुपये कमाए थे. अब दर्शकों को कल्कि पार्ट 2 का बेसब्री से इंतजार है. कहना गलत नहीं होगा कि यह सभी डायरेक्टर्स अपनी अपकमिंग फिल्मों से एक बार फिर 1000 करोड़ रुपये की कमाई का माइलस्टोन हासिल करने वाले हैं.
Related Articles

मलाइका अरोड़ा ने 3 साल के लिए किराए पर दिया अपार्टमेंट, करोड़ों में है टोटल रेंट
Apr 1, 2026
Dhurandhar 2 BO Day 13: ‘धुरंधर 2’ ने 13वें दिन फिर किया खतरनाक कलेक्शन, ‘पुष्पा 2’ को दी पटखनी, बना डाला ये तगड़ा रिकॉर्ड
Apr 1, 2026
