Skip to content

टी-20 वर्ल्ड कप 2026: भारत से मैच के लिए पाकिस्तान ने ICC के सामने रखीं 3 बड़ी शर्तें

बहिष्कार से पीछे हट सकता है PCB, अंतिम फैसला पीएम शहबाज शरीफ से बातचीत के बाद

नई दिल्ली/लाहौर। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को प्रस्तावित भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर जारी गतिरोध के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने आईसीसी के सामने तीन अहम शर्तें रख दी हैं। पाकिस्तानी सरकार द्वारा भारत के खिलाफ खेलने से इनकार के बाद अब संकेत मिल रहे हैं कि पाकिस्तान अपने रुख में नरमी ला सकता है।

ICC के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा पहुंचे लाहौर

8 फरवरी को आईसीसी के वाइस चेयरमैन इमरान ख्वाजा इस विवाद को सुलझाने के लिए लाहौर पहुंचे, जहां उन्होंने पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल के साथ लंबी बैठक की। यह बैठक भारत-पाक मैच के भविष्य को लेकर बेहद अहम मानी जा रही है।

पाकिस्तान की ICC के सामने तीन प्रमुख मांगें

एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, बैठक के दौरान पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ खेलने के बदले आईसीसी के सामने तीन शर्तें रखीं—

1. बांग्लादेश को मुआवजा
टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बावजूद बांग्लादेश को बढ़ा हुआ मुआवजा और पूरा भागीदारी शुल्क दिया जाए।


2. भविष्य की मेजबानी का अधिकार
बांग्लादेश को भविष्य में किसी आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी का अवसर दिया जाए।


3. आर्थिक और प्रशासनिक संतुलन
आईसीसी द्वारा लिए गए फैसलों में सभी सदस्य देशों के हितों को समान रूप से प्राथमिकता दी जाए।



पीएम शहबाज शरीफ से मुलाकात के बाद होगा अंतिम फैसला

सूत्रों के मुताबिक, पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी सोमवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात करेंगे, जिसके बाद भारत के खिलाफ खेलने को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। आईसीसी भी इस मुद्दे का समाधान निकालने के लिए सक्रिय रूप से मध्यस्थता कर रही है।

टूर्नामेंट में दोनों टीमों की जीत से आगाज

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में दोनों टीमें अपने अभियान की शुरुआत कर चुकी हैं।

भारत ने 7 फरवरी को यूएसए को 29 रन से हराया,

जबकि पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स को 3 विकेट से मात दी।


भारत और पाकिस्तान आखिरी बार एशिया कप 2025 के फाइनल में आमने-सामने आए थे।

अब सभी की निगाहें इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले पर टिकी हैं, जो सिर्फ क्रिकेट नहीं बल्कि वैश्विक दर्शकों और आर्थिक हितों से भी जुड़ा हुआ है।