Skip to content

नशे के सौदागरों पर बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई


बोधघाट थाना क्षेत्र से ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर/बस्तर, 09 जनवरी 2026। बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना बोधघाट पुलिस ने अवैध नशीली दवाओं की तस्करी करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित कुमार डी. धोत्रे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 08 जनवरी 2026 को दोपहर में थाना बोधघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG17KT1832 में अवैध नशीली कैप्सूल लेकर आड़ावाल की ओर से जगदलपुर की तरफ बिक्री के लिए आ रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने आड़ावाल से एयरपोर्ट के पीछे होकर जगदलपुर आने वाले मार्ग पर घेराबंदी की।

घेराबंदी के दौरान मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक व्यक्ति को रोका गया। पूछताछ में उसने अपना नाम पशुपति नाथ ठाकुर पिता रामसिंह ठाकुर (35 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 16, थाना कोतवाली, जगदलपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 15 पत्ता ट्रामाडोल कैप्सूल (कुल 120 नग) बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 80.4 ग्राम और अनुमानित खुदरा मूल्य लगभग ₹6,43,200/- बताया गया है।

पुलिस ने आरोपी के पास से नशीली कैप्सूल के साथ मोटरसाइकिल को भी विधिवत जप्त किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। दिनांक 09 जनवरी 2026 को आरोपी को माननीय विशेष न्यायालय (एनडीपीएस) में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना बोधघाट पुलिस की टीम की सराहनीय भूमिका रही, जिसमें
निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक लोकेश्वर नाग, सहायक उप निरीक्षक देवेंद्र राय, प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग, सुनील मनहर तथा आरक्षक भैरव सिन्हा, युवराज ठाकुर, त्रिनाथ कश्यप, मुकेश कोड़ोपी, थानेंद्र सिन्हा और अजीत सरकार शामिल रहे।

बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त और लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।